पूर्वोत्तर भारत के दो राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में यह झटके महसूस किए गए। अरुणाचल प्रदेश देर रात 12 बजकर 58 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.1 दर्ज की गई। राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। NCS के अनुसार, भूकंप का केंद्र धरती के भीतर करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। इसके निर्देशांक 27.45 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 92.11 डिग्री पूर्वी देशांतर दर्ज किए गए। भूकंप के समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, हालांकि कुछ लोगों ने हल्का कंपन महसूस किया।
अरुणाचल प्रदेश में इससे पहले 28 जुलाई 2025 को भी राज्य के तिरप जिले में 3.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिसका केंद्र करीब 7 किलोमीटर की गहराई में था।
सुबह-सुबह सिक्किम में भी धरती हिली
इसी बीच, सुबह-सुबह सिक्किम में भी धरती हिली। सुबह 5 बजकर 38 मिनट पर नामची क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। NCS के मुताबिक, यहां भूकंप का केंद्र लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में था, हालांकि किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
लगातार आ रही इन हल्की भूकंपीय घटनाओं ने एक बार फिर पूर्वोत्तर भारत में भूकंप के खतरे की ओर ध्यान खींचा है। विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सावधानियों के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है।