जालंधर शहर के लतीफपुरा इलाके में तीन साल बाद एक बार फिर माहौल तनावपूर्ण हो गया। आज सुबह करीब 7 बजे भारी पुलिस बल यहां पहुंचा और कब्जाधारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। करीब एक घंटे चली कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जमीन पर लगे टेंट हटवाए और वहां बैठे लोगों को हटाकर टेंट जब्त कर लिए।
मंगलवार को जालंधर प्रशासन की ओर से हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है, जिसमें इंप्रूवमेंट ट्रस्ट को जमीन पर कब्जे की स्थिति को लेकर जवाब देना है। इससे पहले ही प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए पुलिस बल के साथ कार्रवाई शुरू कर दी और मौके से टेंट हटाकर मलबा उठाने का काम शुरू कर दिया।
इस जमीन पर पहले करीब 100 परिवार बसे हुए
बताया जा रहा है कि इस जमीन पर पहले करीब 100 परिवार बसे हुए थे, जिनके घरों को वर्ष 2022 में प्रशासन ने खाली करवा लिया था। कुछ मकानों को तोड़ दिया गया था, जिसके बाद लोग टेंट लगाकर उसी जमीन पर रह रहे थे।
3 साल बाद फिर तनाव में लतीफपुरा
गौरतलब है कि 2022 में कार्रवाई के दौरान लोगों ने बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया था। इस बार किसी भी तरह के विरोध से बचने के लिए पुलिस ने पहले ही सख्त इंतजाम किए। लतीफपुरा की कब्जे वाली जमीन के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई और बाहरी लोगों को इलाके में प्रवेश नहीं करने दिया गया। हालात पर पुलिस और प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए हैं।