ख़बरिस्तान नेटवर्क : मणिपुर में नई सरकार बनने के एक सप्ताह के भीतर ही हिंसा की घटना सामने आई है। उखरुल जिले के लितान सरेइखोंग गांव में उपद्रवियों ने 25 घरों और चार सरकारी क्वार्टरों में आग लगा दी, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। हिंसा के बाद प्रशासन ने उखरुल जिले में कर्फ्यू लागू कर दिया है।
हालात को काबू में रखने के लिए 10 फरवरी की सुबह 11:30 बजे से अगले पांच दिनों तक इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं। जिले में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है।
तांगखुल और कुकी जनजातियों के बीच तनाव
यह हिंसा तांगखुल और कुकी जनजातियों के बीच हुई झड़प के बाद भड़की। दोनों समुदायों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां इलाके में सतर्कता बरत रही हैं।
शराब के नशे में झगड़े से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक हिंसा की शुरुआत 7 फरवरी की शाम लितान सरेइखोंग गांव में हुई थी, जब शराब के नशे में हुए एक झगड़े के दौरान तांगखुल नागा समुदाय के स्टर्लिंग नामक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई। इसके बाद हालात बिगड़ते चले गए और मामला हिंसक रूप ले बैठा।