हरियाणा के यमुनानगर जिले के 24 साल के युवक की कनाडा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक अपने दोस्त के साथ कार से टोरंटो जा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिवार का था इकलौता बेटा
मृतक की पहचान उधमप्रीत सिंह (24) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाला था। उधम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह वर्ष 2021 में स्टडी वीज़ा पर कनाडा गया था और वर्तमान में ब्रैम्पटन में रह रहा था।
परिजनों के अनुसार, उधम के पिता गुरविंदर फोटोग्राफी का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे के सपनों को साकार करने के लिए उन्होंने अपनी ज़मीन बेचकर लाखों रुपये खर्च किए और 2021 में उसे पढ़ाई के लिए कनाडा भेजा था। बचपन से ही उधम का सपना विदेश में पढ़ाई कर काम करने का था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, काम से दो दिन की छुट्टी मिलने पर उधम गुरुवार को अपने दोस्त के साथ टोरंटो जा रहा था। दोपहर करीब 2:30 बजे टोरंटो के पास उनकी कार एक तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में उधमप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।