गुरदासपुर में पठानकोट–अमृतसर नेशनल हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नशहिरा मझा सिंह के पास गांव गिल्लांवाली के नजदीक पत्थरों से भरा एक ट्रक अचानक पलट गया, जिसके चलते पीछे से आ रही छह गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इनमें सीमा सुरक्षा बल की दो बसें भी शामिल थीं।
बीएसएफ की दो बसों समेत छह वाहन आपस में टकराए
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे घने कोहरे के कारण ट्रक के पलटते ही पीछे चल रहे वाहन समय पर ब्रेक नहीं लगा पाए और एक के बाद एक टकराते चले गए। दुर्घटना में कुल छह वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बीएसएफ की बसों में जवान अपने परिवारों के साथ सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब जा रहे थे।
गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। हालांकि तीन लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें सेना की एंबुलेंस से प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर घंटों जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची बटाला पुलिस के एएसआई दविंदर सिंह ने जेसीबी और क्रेन की मदद से सड़क से वाहन हटवाए, जिसके बाद यातायात को बहाल किया गया।



