पंजाब के जालंधर जिले के मॉडल टाउन इलाके में आज सुबह आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात मॉडल टाउन स्थित एक गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
पहले गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक्टिवा सवार हमलावरों ने थार गाड़ी में सवार लक्की ओबेरॉय को निशाना बनाया। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि आसपास के दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर सील कर दिया गया।
एक्टिवा से आए थे हमलावर – पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि लकी ओबेरॉय सुबह 7:15 बजे के करीब गुरुद्वारा से निकले। इसके बाद जैसे ही वह अपनी थार में बैठने लगे तो एक युवक ने आकर गोलियां चला दीं। दो युवक एक्टिवा पर आए थे और वह दोनों भाग गए। पुलिस ने सभी नाको पर हमलावरों के बारे में सूचित कर दिया है। इसके साथ ही गुरुद्वारे के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के जो हाईटेक सीसीटीवी लगे हैं, उनकी फुटेज भी निकले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
8-9 गोलियां लगी थीं – डॉक्टर्स
श्री राम अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि लक्की ओबरॉय को सुबह उन्हें जख्मी हालत में लाया गया था। उनके पर 8-9 राउंड गोलियां फायर हुए हैं। 5 से 6 गोलियां उनकी छाती पर लगी हैं, 2 गोलियां उनकी छाती से लगकर निकल गई हैं। वह एक गोली उनकी चिन (ठोढ़ी) से लगकर गई है। जब उन्हें हमारे पास लेकर आया गया था तब उनकी हालत काफी ज्यादा गंभीर थी और वह बेसुध पड़े हुए थे। जिसके बाद हमने जख्मी को वेंटीलेटर पर लेकर जाया गया। हमने जख्मी को बचाने की कोशिश की पर बचा नहीं पाए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटनास्थल से गोलियों के कई खाली कारतूस बरामद किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस के मुताबिक हमले के पीछे आपसी रंजिश या राजनीतिक कारण हो सकते हैं, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
हत्या की वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। पार्टी नेताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।



