जालंधर के बासा वाला बाजार में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक्टिवा चोरी करते समय जब एक पंडित ने चोर को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। पूरी वारदात पास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
इस मामले में भैरों बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पंडित राम सुशील तिवारी ने थाना चार की पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंडित राम सुशील तिवारी के अनुसार, वह दोपहर पूजा का सामान लेने के लिए अपने जानकार की एक्टिवा लेकर बाजार गए थे। टोनी स्वीट्स के बाहर एक्टिवा खड़ी कर वह सामान लेने चले गए, लेकिन चाबी एक्टिवा में ही लगी रह गई। जैसे ही वह चाबी उतारने के लिए पीछे मुड़े, एक युवक एक्टिवा स्टार्ट करने की कोशिश कर रहा था।
आरोपी एक्टिवा लेकर फरार
उन्होंने तुरंत एक्टिवा के पास पहुंचकर चोर को रोकना चाहा, लेकिन आरोपी एक्टिवा लेकर फरार हो गया। पंडित ने पीछे से एक्टिवा पकड़ ली, मगर चोर रुकने की बजाय उन्हें घसीटता हुआ ले गया। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है।