पंजाब से हिमाचल प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य में प्रवेश करने वाले बाहरी राज्यों के वाहनों की एंट्री फीस में बढ़ोतरी कर दी है। नई नीति 1 अप्रैल से लागू होगी, जिसके तहत अब वाहनों को पहले के मुकाबले ज्यादा शुल्क देना होगा।
नई दरों के अनुसार, छोटे वाहन जैसे कार, इनोवा, थार और वैन पर अब 170 रुपये एंट्री फीस देनी होगी, जो पहले 70 से 110 रुपये के बीच थी। वहीं मिनी बसों के लिए 320 रुपये, सामान्य बस और ट्रक के लिए 570 रुपये तथा हैवी टिप्पी/ट्राला और बड़ी बसों के लिए 900 रुपये शुल्क तय किया गया है। पहले यह शुल्क अधिकतम 720 रुपये तक था।
इसके साथ ही सरकार ने पहली बार राज्य के छह प्रमुख बैरियरों को फास्टैग सिस्टम से जोड़ने का फैसला भी लिया है, जिससे शुल्क वसूली डिजिटल तरीके से की जाएगी।
हालांकि इस फैसले का नंगल और आसपास के गांवों में विरोध शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एंट्री फीस बढ़ने से रोज़मर्रा की आवाजाही के साथ-साथ पर्यटन पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा। लोगों ने सरकार से मांग की है कि इस बढ़ोतरी पर पुनर्विचार किया जाए और एंट्री फीस को पुरानी दरों पर बहाल किया जाए।