जालंधर के PPR मार्केट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब GST विभाग की टीम चर्चित कांग्रेस नेता के दफ्तर में रेड करने पहुंची। कार्रवाई के दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि वहां तैनात बाउंसरों ने कथित तौर पर जीएसटी अधिकारियों को दफ्तर के अंदर ही रोक लिया और बाहर से शटर गिरा दिया।
सरकारी कर्मचारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने शटर खुलवाया और जीएसटी अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात तक पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा और मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चलती रही।
जानकारी के अनुसार, सोमवार (16 फरवरी) की शाम जीएसटी विभाग की टीम नियमित जांच के तहत मेजर रियल स्टेट्स नामक कार्यालय पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि यह दफ्तर एक रसूखदार स्थानीय कांग्रेस नेता से जुड़ा हुआ है। जैसे ही दस्तावेजों की जांच शुरू हुई, वहां मौजूद बाउंसरों और कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया।
आरोप है कि एक स्थानीय नेता के इशारे पर बाउंसरों ने न केवल सरकारी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से बदसलूकी की, बल्कि उन्हें कमरे में बंद कर बाहर से शटर गिरा दिया। इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत आला अफसरों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की एंट्री और हाई-वोल्टेज ड्रामा
घटना की गंभीरता को देखते हुए जालंधर पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद काफी देर तक बहस चलती रही। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए बंधक बनाए गए जीएसटी कर्मियों को बाहर निकाला।



