पंजाब के जिला गुरदासपुर के गांव के एक युवक की अमेरिका में सड़क हादसे के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ जेपी (उम्र करीब 34) के रूप में हुई है। इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
आठ साल पहले बेहतर भविष्य के लिए गया था विदेश
परिजनों के अनुसार, गुरप्रीत सिंह करीब आठ साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में अमेरिका गया था। वहां उसने अपना कारोबार शुरू किया था और साथ ही निजी कार से Uber सेवा भी देता था।
परिवार ने बताया कि 7 फरवरी को वह कुछ सवारियों को उनकी मंज़िल तक छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ड्राइविंग के समय उसे अचानक दौरा पड़ गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी रीढ़ की हड्डी को भी नुकसान पहुंचा।
उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा था। परिजनों के मुताबिक उसकी हालत में सुधार हो रहा था और एक-दो दिन में घर लौटने की उम्मीद थी। लेकिन इलाज के दौरान उसे दोबारा अटैक आ गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
गुरप्रीत सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटियां छोड़ गया है, जो उसके साथ अमेरिका में ही रह रही थीं। उसकी बहन और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य भी वहीं रहते हैं। गांव में रह रहे माता-पिता और रिश्तेदार इस अचानक हुए हादसे से गहरे सदमे में हैं।
परिवार ने पंजाब और केंद्र सरकार से अपील की है कि राज्य में रोजगार के बेहतर अवसर पैदा किए जाएं, ताकि युवाओं को विदेश जाने के लिए मजबूर न होना पड़े। साथ ही विदेशों में रह रहे पंजाबियों की सुरक्षा और भविष्य को लेकर ठोस कदम उठाने की भी मांग की गई है।