इजराइल – ईरान जंग का आज चौथा दिन है। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में भारत के शिया समुदाय के प्रदर्शन तेज हो गए हैं। जम्मू -कश्मीर का श्रीनगर लगातार दूसरे दिन बंद रहा। सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने कई इलाकों में हंगामा किया, जिस पर सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि महिलाओं ने भी विरोध में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया।
उधर, मिडिल ईस्ट में हालात बिगड़ने के बीच UAE से चार फ्लाइट सोमवार देर रात दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु पहुंचीं। अबू धाबी में फंसे भारतीयों ने देश लौटकर राहत की सांस ली। एक यात्री ने बताया कि होटल के पास ही धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही थीं, जिससे दहशत का माहौल था।
भारत सरकार ने सभी राज्यों को भड़काऊ भाषणों और संभावित तनाव को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में इंडिगो आज सऊदी अरब के जेद्दा से हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए 10 स्पेशल फ्लाइट संचालित करेगी। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मस्कट के लिए उड़ानें फिर शुरू करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही अबू धाबी की एतिहाद, दुबई की एमीरात और फ्लाईदुबई ने चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बहाल की हैं। अबू धाबी एयरपोर्ट से एतिहाद की 15 उड़ानें इस्लामाबाद, पेरिस, एम्सटर्डम, मुंबई, काहिरा और लंदन के लिए रवाना हुईं।
कश्मीर में हालात तनावपूर्ण
खामेनेई की मौत के विरोध में कश्मीर में सबसे ज्यादा प्रदर्शन देखने को मिले। श्रीनगर के बेमिना इलाके में सुरक्षाबलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ी। शोपियां, बारामूला और बांदीपोरा में बाजार बंद रहे, जबकि लाल चौक समेत कई इलाकों में भारी सुरक्षा तैनाती और बैरिकेडिंग की गई।
पीएम की कूटनीतिक पहल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 48 घंटों में इजराइल, UAE, बहरीन, सऊदी अरब और जॉर्डन के शीर्ष नेतृत्व से बात कर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और हालात पर चर्चा की।
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर अब भारत की आंतरिक सुरक्षा, उड़ानों और प्रवासी भारतीयों पर साफ दिख रहा है। सरकार और एयरलाइंस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत के अनुसार राहत कदम उठा रही हैं।