हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे 39वें इंटरनेशनल सूरजकुंड क्राफ्ट मेले में बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा सुनामी झूला अचानक गिर गया, जिससे पलवल जिले के चांदहट थाने के SHO इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज निजी अस्पतालों और बादशाह खान सिविल अस्पताल में जारी है। घटना के बाद एहतियातन मेला ग्राउंड को खाली करा दिया गया।
हादसे के समय झूले पर करीब 18 लोग सवार थे। सामने आए वीडियो में झूला ऊपर से नीचे आते हुए अचानक गिरता नजर आ रहा है, जिसके बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। सूरजकुंड थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद इसी साल 31 मार्च को रिटायर होने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा रात करीब 10 बजे मेला ग्राउंड पहुंचे और निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम अस्पताल जाकर घायलों का हाल-चाल जाना। मंत्री ने बताया कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और ADC की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
चश्मदीद दुकानदार राघव ने बताया कि झूला गिरते ही लोग चीखने-चिल्लाने लगे। उन्होंने और अन्य लोगों ने मिलकर कुछ घायलों को नीचे उतारा, लेकिन तभी झूला और नीचे आ गिरा, जिससे हालात और बिगड़ गए। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को खाली कराया गया।
DC आयुष सिन्हा ने कहा कि वेंडर की लापरवाही की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं, नोडल अधिकारी हरविंद्र यादव ने दावा किया कि झूलों की रोजाना जांच के लिए कमेटी बनाई गई थी और हादसे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार शाम को ही मेले के गेट नंबर-2 के पास बना डिजाइनर गेट भी गिर गया था, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ था। सूरजकुंड क्राफ्ट मेला 31 जनवरी से शुरू हुआ है और 15 फरवरी तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश के हजारों कलाकार हिस्सा ले रहे हैं।



