ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए धमाके की साजिश में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और टेरर ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
दोनों मुख्य आरोपियों ने मुहैया करवाए थे हथियार
गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों की जमीर अहमद अहंगर और तुफैल अहमद भट के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि दोनों ने इस केस के मुख्य आरोपी को हथियार सप्लाई किए थे और साजिश में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। NIA के मुताबिक, दोनों आतंकी संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद के ओवरग्राउंड वर्कर थे।
आतंकियों ने प्लानिंग कर रची थी साजिश
जांच एजेंसियों का कहना है कि यह एक संगठित आतंकी नेटवर्क की सुनियोजित साजिश थी। जम्मू-कश्मीर पुलिस, हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस के सहयोग से NIA पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। एजेंसी का दावा है कि आरोपी देश के खिलाफ इस्तेमाल के लिए हथियार और गोला-बारूद जुटा रहे थे।
10 नवंबर को हुआ था ब्लास्ट
NIA ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और साजिश से जुड़े हर पहलू को उजागर किया जाएगा। इस नेटवर्क में शामिल सभी गुनहगारों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। गौर हो कि पिछले साल 10 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी को दहला देने वाले इस धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। इस हमले का मास्टरमाइंड उमर उन नबी बताया गया है, जो घटना में मारा गया था।