अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर की हत्या के मामले में वांछित आरोपी रंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इससे पहले यूएपीए और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, रंजीत सिंह उसी केस में आरोपी है, जिसमें उससे दो हैंड ग्रेनेड और एक पिस्तौल बरामद की जा चुकी है। अदालत से जमानत मिलने के बाद वह लगातार पेशियों में अनुपस्थित रहा, जिसके चलते उसे जमानत जंपर घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी को संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जांच में सामने आया है कि रंजीत सिंह बठिंडा की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर की निर्मम हत्या के मामले में भी वांछित था। इस हत्याकांड में उसका नाम सह-आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों के साथ सामने आया है। पुलिस का कहना है कि यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित तरीके से की गई थी और इसके पीछे आपराधिक साजिश के पुख्ता सबूत मिले हैं।
इसके अलावा आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी लंबा है। वह अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के पास स्थित हेरिटेज स्ट्रीट पर मूर्तियों में तोड़फोड़ की घटना में भी शामिल रहा है, जिससे उस समय शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई थी।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रंजीत सिंह पहले भी कई हिंसक वारदातों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
रिमांड हासिल करने की तैयारी
फिलहाल पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में है, ताकि उससे उसके नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं पर गहन पूछताछ की जा सके। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने साफ किया है कि संगठित अपराध और शहर की शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।