ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में अपराध इस कदर बढ़ गया है कि अपराधी अब नकली पुलिस बनकर लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इस मामले में नई बारादरी पुलिस ने फर्जी पुलिस गैंग के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से 8 फोन, 3 बाइक और एक तेजधार हथियार दातर बरामद किया गया है। आरोपियों की पहचान करणवीर सिंह उर्फ करन, सबरजीत सिंह उर्फ शोंटी, अमनपाल सिंह उर्फ रिंकू और मनप्रीत सिंह उर्फ मंत्र के रूप में हुई है।
खाकी पगड़ी और जूते पहनकर करते थे लूट
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि 13 जनवरी को रात पौने एक बजे राज कुमार शर्मा और उनके दोस्त मनप्रीत दिल्ली से ट्रेन से सिटी रेलवे स्टेशन आए थे। रेलवे स्टेशन से वे बस स्टैंड के लिए पैदल निकल पड़े। जब वह लाडोवाली रोड पर पहुंचे तो बाइक पर तीन युवक आए थे। जिसमें से 2 ने खाकी पगड़ी बांधी हुई थी और पुलिसवाले जूते पहने हुए थे।
इन तीनों ने पुलिसवाले बनकर दोनों से देर रात को घूमने का कारण पूछा। इसका बाद उन्होंने खुद को पुलिसवाला बताते हुए अपना रौब दिखाया और डराकर 9660 रुपए और आईफोन लेकर फरार हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित की शिकायत पर पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो आरोपी नजर आ गए। उनकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस इनकी तलाश में एरिया में चौकस थी कि फिर से वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी आए, लेकिन इस बार असली पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
2 खाकी कपड़े पहनकर रहते थे
पुलिस जांच में सामने आया है कि करन व अमनपाल थानेदार के जूते व पगड़ी बांधकर ऊपर से जैकेट पहन लेते थे और सरबजीत सादे कपड़े में होता था। आरोपी पहले घूम फिर के चश्मे बेचते थे, लेकिन नशा करने लगे। नशे के लिए पैसे नहीं थे तो 2 महीने पहले गैंग बना लिया था।
पिछले 2 महीनों से कर रहे थे वारदात
पूछताछ में आरोपी मानते हैं कि वह दो महीने से वारदात कर रहे थे। एक बाइक भी लूटी थी। इतना ही नहीं आरोपी दिन में एक मजदूर के घर गए और कहा-तुम रात में ट्रिपलिंग कर रहे थे। कैमरे में कैद हुए हैं तो तुम्हारी बाइक जब्त करने के नाम पर लेकर भाग गए थे। फिलहाल पुलिस इनके लिंक खंगाल रही है। पुलिस नशे के मामले में भी कार्रवाई कर रही है।