जालंधर के Hotel Mariton में पार्टनरों के बीच हुई हाथापाई का मामला थमता नजर नहीं आ रहा है। रोज़ाना नए खुलासे सामने आ रहे हैं। हाल ही में यशपाल दुआ, गुलशन दुआ, उमेश दुआ और शिवी दुआ सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295-A के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इस एफआईआर के बाद यशपाल दुआ की बेटी रिद्धि दुआ ने प्रेस वार्ता कर परमजीत मरवाहा पर गंभीर आरोप लगाए थे। अब इस मामले में परमजीत मरवाहा ने पलटवार करते हुए एक नया दावा किया है। उन्होंने होटल की लिफ्ट का एक सीसीटीवी वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि उमेश दुआ ने खुद को जानबूझकर घायल किया। परमजीत के मुताबिक, वीडियो में स्पष्ट दिखता है कि लिफ्ट बंद होने के बाद उमेश दुआ स्वयं अपने सिर पर हमला करते हैं, ताकि क्रॉस पर्चा दर्ज कराया जा सके।
दूसरी ओर, रिद्धि दुआ ने अपनी प्रेस वार्ता में बताया कि 12 फरवरी को होटल में उनके परिवार का कार्यक्रम था। यश दुआ की पोती का जन्मदिन मनाया जा रहा था और डांस पार्टी चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान परमजीत मरवाहा वहां पहुंचे और महिलाओं के साथ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। रिद्धि का कहना है कि धमकी देने के बाद नीचे जाकर उन्होंने देखा कि उनके पिता और अन्य लोगों के साथ हाथापाई हो रही है।
रिद्धि दुआ ने यह भी आरोप लगाया कि यह विवाद दो महीने पुराना नहीं, बल्कि पिछले सात महीनों से उन्हें परेशान किया जा रहा है, जिसके चलते उनके पिता डिप्रेशन में चले गए हैं। उनका कहना है कि पैसों का दबाव बनाकर 5 प्रतिशत हिस्सेदारी को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है।फिलहाल, दोनों पक्षों के आरोप -प्रत्यारोप और सामने आए सीसीटीवी फुटेज के बाद मामला और उलझता जा रहा है, जिस पर पुलिस जांच जारी है।



