पंजाब सरकार ने दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह मामला काफी पुराना है। हालांकि आर्डर में वजह साफ नहीं की गई है। यह कार्रवाई चंडीगढ़ में लागू मानी जाएगी। निलंबित किए गए अधिकारियों में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशासनिक सचिव कमल किशोर यादव और पंजाब इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी कॉरपोरेशन लिमिटेड (पंजाब इन्फोटेक) के मैनेजिंग डायरेक्टर जसप्रीत सिंह शामिल हैं।
सरकार की ओर से जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि यह कदम पूरी तरह प्रशासनिक आधार पर उठाया गया है और दोनों अधिकारियों के निलंबन के आदेश तुरंत प्रभावी होंगे। सरकार का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
आदेशों के मुताबिक, कमल किशोर यादव उद्योग, निवेश प्रोत्साहन और सूचना प्रौद्योगिकी प्रोत्साहन विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण पद पर तैनात थे, जबकि जसप्रीत सिंह पंजाब इन्फोटेक के प्रबंध निदेशक के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस कार्रवाई के साथ ही सरकार ने एक अतिरिक्त मुख्य सचिव और एक संयुक्त सचिव का तबादला भी किया है।
निलंबन की अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों को चंडीगढ़ स्थित राज्य मुख्यालय में तैनात रखा जाएगा और इस दौरान उन्हें केवल निर्वाह भत्ता ही दिया जाएगा। सरकार ने दोहराया है कि पूरी कार्रवाई प्रशासनिक कारणों के तहत की गई है।