पंजाब और चंडीगढ़ में आज (मंगलवार) से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए बारिश, आंधी और तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं दिन में ठंड लगभग खत्म हो चुकी है।
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान 31 डिग्री सेल्सियस फिरोजपुर में दर्ज हुआ, जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक है। वहीं मैदानी इलाकों में देश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया, जिससे ठंड की विदाई के संकेत मिल रहे हैं।
छह जिलों में आंधी-बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, मानसा और बठिंडा में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हल्की बारिश की भी संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से बचने और सुरक्षित रहने की सलाह दी है। चंडीगढ़ में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
अमृतसर-बठिंडा में धुंध
भले ही सोमवार को कोई अलर्ट जारी नहीं था, लेकिन सुबह के समय अमृतसर और बठिंडा में अचानक धुंध छा गई। दोनों शहरों में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई, जिससे संगरूर‑बठिंडा हाईवे पर आवागमन प्रभावित हुआ। पटियाला में भी धुंध दर्ज की गई।
तापमान की बात करें तो पंजाब में अधिकतम तापमान 24 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 6.6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में 17 और 18 तारीख को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने के बाद फिर गिरावट आने की संभावना है।