ख़बरिस्तान नेटवर्क : मिडल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव ने अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) तक को अपनी चपेट में ले लिया है। इस तनावपूर्ण माहौल के बीच पंजाबी सुपरस्टार एमी विर्क ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा की है।
एमी ने बताया कि उनकी पत्नी और उनकी 6 साल की छोटी बेटी इस समय यूएई में हैं, जहां स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। एक पिता और पति के रूप में अपनी बेबसी जाहिर करते हुए एमी ने लिखा कि इस समय शांत रह पाना उनके लिए नामुमकिन है।
बेटी के शब्दों ने तोड़ा पिता का दिल
एमी विर्क ने अपनी पोस्ट में उस बातचीत का जिक्र किया जिसे सुनकर किसी भी पिता की आंखें नम हो जाएं। उन्होंने बताया कि उनकी नन्हीं बेटी ने उनसे कहा, “पापा, अगर कुछ हुआ तो मैं अपने बिस्तर के नीचे छुप जाऊंगी। मैं एक बहादुर लड़की हूं, आप चिंता मत करो।
एक पिता कभी भी अपनी संतान के मुंह से ऐसे शब्द नहीं सुनना चाहता। भले ही वे पर्दे पर या सार्वजनिक जीवन में कितने भी मजबूत क्यों न दिखें, लेकिन आखिर में वे भी एक परिवार वाले इंसान हैं और हर नई खबर उन्हें अंदर तक झकझोर रही है।

हजारों परिवारों के लिए भी मांगी दुआएं
अपनी पोस्ट के जरिए एमी ने केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि वहां फंसे हजारों अन्य परिवारों की सुरक्षा के लिए भी दुआ मांगी है। उन्होंने यूएई प्रशासन और वहां की सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि वे लोगों को सुरक्षित रखने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। एमी ने अपने प्रशंसकों से अपील की है कि वे इस मुश्किल घड़ी में शांति और स्थिरता के लिए प्रार्थना करें ताकि सभी परिवार सुरक्षित अपने घरों को लौट सकें।