ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बेटे रणइंदर सिंह आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) के जालंधर ऑफिस में पेश नहीं हुए। विदेशी संपत्ति और फेमा (FEMA) उल्लंघन मामले में पूछताछ के लिए उन्हें दोपहर 12 बजे बुलाया गया था। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि अब वह कल यानी 13 फरवरी को अपने पिता कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ जांच एजेंसी के सामने पेश हो सकते हैं।
सालों पुराना है विदेशी संपत्ति का विवाद
कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे रणइंदर सिंह के खिलाफ साल 2006 से विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत जांच चल रही है। जांच एजेंसी का आरोप है कि पिता-पुत्र की कई देशों में अघोषित संपत्तियां हैं, जिनका विवरण टैक्स अधिकारियों या संबंधित एजेंसियों को नहीं दिया गया था। इससे पहले भी कैप्टन अमरिंदर सिंह को कई बार समन भेजा गया था, लेकिन घुटनों के ऑपरेशन और खराब सेहत का हवाला देकर वह पेश नहीं हो सके थे।
सत्य और न्याय की होगी जीत -रणइंदर सिंह
समन के बीच रणइंदर सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट साझा कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने लिखा कि वे कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं और जांच एजेंसियों का पूरा सहयोग करेंगे। रणइंदर ने विश्वास जताया कि उन्हें कानून और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और अंततः सत्य की ही जीत होगी।