ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप बाजवा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल हरभजन सिंह ईटीओ पर दिए विवादित बयान को लेकर अब पंजाब अनुसूचित जाति कमिशन के चेयरपर्सन जसवीर सिंह गढ़ी ने मामले पर संज्ञान लेते हुए तलब किया है। उन्हें 11 फरवरी दोपहर 3 बजे बुलाया गया है। वहीं इस मामले पर एसएसपी अमृतसर से जांच रिपोर्ट मांग गई है।
जानिए क्या है पूरा विवाद
दरअसल कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने अमृतसर के जंडियाला गुरू में रैली में कहा था कि यहां वाला हरभजन सिंह ईटीओ पहले बैंड बजाता रहा है। मेरे भाइयो, शायद आपको पता नहीं होगा कि बड़े स्तर पर जो महकमा उसके पास है, उसमें लूट हो रही है। अब यह बैंड बजाने वाला नहीं रह गया है। इसने तो पंजाब का बैंड बजाना शुरू कर दिया है। इसलिए इसका बैंड अच्छी तरह बजाएंगे। नोट कर लो, हम भागने वाले नहीं हैं।
आप नेताओं ने चंडीगढ़ में किया प्रदर्शन
इसे लेकर आम आदमी पार्टी के वर्कर प्रताप बाजवा के घर का घेराव करने के लिए बैंड बाजा लेकर पहुंचे। प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने आप नेताओं को रोकने के लिए बैरिकेडिंग का इस्तेमाल किया। जब वह तब भी नहीं रुके तो उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान कुछ की पगड़ियां उतर गईं। वहीं, पुलिस ने वित्त मंत्री चीमा, हरभजन ईटीओ और स्वास्थ्य मंत्री बलबीर व अन्य नेताओं को डिटेन कर लिया।