ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में आए दिन चोरी और स्नैचिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। हद तो तब हो गई जब सरेआम ऑफिस से घर लौट रही 2 लड़कियों से स्नैचर उनका पर्स छीनकर फरार हो गए। जिसमें आईफोन, कैश और कई अहम डॉक्यूमेंट्स शामिल थे। जब लड़कियां शिकायत करवाने के लिए थाने गई तो पुलिस ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय उन्हें सुबह आने के लिए कह दिया।
स्नैचिंग के बाद लड़कियों में डर का माहौल
जानकारी के मुताबिक दो लड़कियां अपनी ड्यूटी खत्म करके एक्टिवा पर सवार होकर घर जा रही थीं। जैसे ही वे आबादपुरा रोड की गली के पास पहुंची, पीछे से आए दो अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया। लड़कियों ने शोर मचाया और लुटेरों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में नकोदर रोड की ओर भाग निकले। घटना के बाद युवतियों का बुरा हाल है और वे बुरी तरह डरी हुई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद पीड़िता ने रोते हुए बताई दास्तां
रोते हुए पीड़ित लड़कियों ने बताया कि वह एक्टिवा से घर जा रही थी। इस दौरान शिंगारा अस्पताल के बाहर 2 स्नैचर आए और पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स महंगा iPhone और कैश समेत कई डॉक्यमेंट्स थे। वह जब शिकायत देने के लिए थाना 5 में गए तो उन्हें थाना 6 में भेज दिया गया। जिसके बाद वह थाना 6 में गए तो अधिकारियों ने सुबह आने के लिए कहा।
घटना से इलाका निवासी भी गुस्से में
वहीं स्थानीय इलाका निवासियों का कहना है कि शहर में लगे CCTV कैमरे सिर्फ चालान काटने के काम आ रहे हैं, जनता की सुरक्षा के लिए नहीं। इस रोड पर आए दिन ऐसी वारदातें होती हैं। 10-15 दिनों के भीतर लूट की यह कोई पहली घटना नहीं है, जिससे स्पष्ट होता है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है।