ख़बरिस्तान नेटवर्क : टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका ने सुपर 8 के मैच में 76 रनों से हरा दिया है। इस हार के साथ ही भारत का आईसीसी टूर्नामेंट लगातार 12 मैच जीतने का सिलसिला भी टूट गया है। हार के साथ ही इंडिया की सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। क्योंकि अब उसे अगले दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे, नहीं तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
पहले बल्लेबाजी करते अफ्रीकी टीम ने बनाए 187 रन
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में द. अफ्रीका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। डेविड मिलर ने सर्वाधिक 63 रन बनाए तो वहीं डेवाल्ड ब्रेविस ने 45 रन की तेज तर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूती दी। आखिरी ओवरों में ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों पर 44 रन बनाकर टीम को 187 तक पहुंचा। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 3 और अर्शदीप ने 2 विकेट चटकाए।
फिर नाकाम रही ओपनिंग बल्लेबाजी
इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की सलामी बल्लेबाजी फेल होती आ रही है। इस मैच में ईशान किशन जीरो पर आउट हुए। उसके बाद तिलक वर्मा भी एक रन बनाकर चलते बने। अभिषेक शर्मा भी कुछ खास नहीं कर पाए और वह भी 15 रन बनाकर आउट हो गए।
जिसके बाद टीम लड़खड़ाती गई और 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। इंडिया के लिए शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए।
द. अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को यानसन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। तो वहीं स्पिनर केशव महाराज ने 3 विकेट लिए। कॉर्बिन बॉश को 2 और ऐडन मार्करम को एक विकेट मिला।