तरनतारन में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच हरबरिंदर सिंह (45) की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस ने 7 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सभी से कत्लकांड से जुड़े संबंधों को लेकर पूछताछ जारी है। इस बीच गैंगस्टर लखबीर लांडा ने सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हमारे भाई के नुकसान में गवाही दी थी
वायरल पोस्ट में लिखा आज जो सिद्धू फार्म पैलिस पर सरपंच का कत्ल हुआ है, वह हमने किया है, क्योंकि इन्होंने हमारे छोटे भाई नौनी का नुकसान किया था, जिसमें ये गवाह था। यह सिर्फ ट्रेलर था, अब तुम पर आगे जो भी होगा, तुम्हारी सात पीड़ियां हथियारों का नाम नहीं लेंगी। पुलिस न जायज एनकाउंटर कर रही, या तो इनको बंद करो, नहीं तो सरे भाइयों का बदला एक ही दिन लिया जाएगा।
बताया गया कि बुधवार (18 फरवरी) को सिद्धू फार्म हाउस में सरपंच के चचेरे भाई की शादी थी। दोपहर करीब ढाई बजे हमलावर बराती बनकर अंदर घुसे। स्टेज पर डांस के बाद जब सरपंच सोफे पर बैठे, तभी भीड़ से निकले एक युवक ने उनके पेट और सिर में चार गोलियां दाग दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हमलावरों का पीछा करने पर चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह के पैर में गोली लगी। उन्हें इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए। सूत्रों के मुताबिक एक आरोपी के पास एके-47 जैसा हथियार था।
DSP और SHO सस्पेंड
मामले में सुरक्षा चूक को गंभीर मानते हुए गौरव यादव ने पट्टी के डीएसपी जगबीर सिंह और सरहाली थाने के एसएचओ गुरविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।घटना के बाद पंजाब सरकार के मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है।
विपक्ष की ओर से अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान और कार्यवाहक डीजीपी से इस्तीफे की मांग की।