पंजाब के पटियाला के समाना से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। समाना क्षेत्र में 16 साल की लड़की की खेत में मटर खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव सधानपुर निवासी प्राची देवी के रूप में हुई है।
पिता के साथ खेत में मटर तोड़ रही मृतका
परिजनों के अनुसार, प्राची अपने पिता के साथ खेत में मटर तोड़ रही थी। इसी दौरान उसने छिलकों सहित कुछ कच्चे मटर खा लिए। थोड़ी देर बाद उसे तेज उल्टियां शुरू हो गईं और हालत गंभीर हो गई। पहले उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया। बाद में डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता जसवंत सिंह ने बताया कि उन्होंने भी उसी खेत की मटर खाई थी, जिसके बाद उन्हें भी उल्टियां हुईं, हालांकि कुछ समय बाद उनकी हालत संभल गई। परिवार का शक है कि खेत में कीटनाशक का छिड़काव होने के कारण मटर जहरीली हो गई होंगी।
प्राची की मां बलजीत कौर ने बताया कि उनका परिवार खेत मजदूरी करता है। रोज की तरह मटर तोड़ते समय प्राची ने अधिक मात्रा में कच्चे मटर खा लिए थे, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार ने प्रशासन से मामले की जांच कर कीटनाशक के इस्तेमाल की पुष्टि करने की मांग की है।



