ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के काला सिंघा रोड इलाके में नशा कारोबार का विरोध करने पर एक परिवार पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ लोगों ने देर रात उनके घर में घुसकर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और तेजधार हथियारों के साथ जानलेवा हमला किया। परिवार का कहना है कि उन्होंने इलाके में चल रहे नशे के कारोबार का विरोध किया था, जिसके बाद आरोपियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।
दूसरे पक्ष ने लगाए पलटवार के आरोप
इस मामले में दूसरा पक्ष भी मीडिया के सामने आया है। सीमा नामक महिला ने दावा किया कि उनके बेटे बिल्ले पर पहले हमला किया गया। उनके अनुसार बिल्ला श्री गुरु रविदास मेले में गया हुआ था, जहां कुछ युवकों ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और पांव न छूने को लेकर उसकी पिटाई की गई। महिला का कहना है कि उसका बेटा सड़क किनारे अकेला खड़ा था, तभी 2 से 3 युवकों ने उस पर हमला कर दिया।
नशा कारोबार के आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरे पक्ष ने अपने ऊपर लगाए जा रहे नशा कारोबार के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि अगर बिल्ला नशा बेचता होता तो वह खुद इसकी जानकारी देता। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग उनके घर पर हमला करने आए थे, वही असल में नशे का कारोबार करते हैं और इलाके के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि नशा कौन बेचता है।
मेले के बाद धमकी और घर पर हमला
परिजनों का कहना है कि मेले के दौरान विवाद के बाद बिल्ले को गांव आकर हमला करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद कुछ युवकों ने उनके घर के गेट पर तेजधार हथियारों से हमला किया। पीड़ित परिवार का दावा है कि हमलावरों की संख्या 5 से 7 के करीब थी और उनके पास हथियार भी थे। घटना के समय एक महिला के भी हमलावरों के साथ होने की बात कही गई है।
सीसीटीवी फुटेज आई सामने
घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दो युवक तेजधार हथियार लेकर घर पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में यह भी सुना जा सकता है कि आरोपी महिला को धमकी दे रहे हैं और कह रहे हैं कि वीडियो बनाकर अपने लड़के को बचा सकती हो तो बना लो। इसके बाद वे गाड़ियों और घर पर हमला करना शुरू कर देते हैं।
समझौते का दबाव और सोशल मीडिया पर वीडियो
पीड़ित परिवार ने बताया कि फायरिंग के मामले को लेकर दूसरे पक्ष ने दोपहर करीब 12 बजे समझौते का दबाव बनाया, जिस पर वे राजी भी हो गए थे। लेकिन इसके बाद उनके बेटे की वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दी गई और उस पर नशा कारोबार के आरोप लगाए गए, जिससे मामला और बिगड़ गया।
देर रात घर में घुसकर की गई तोड़फोड़
पीड़ितों के अनुसार हमलावर रात करीब 10 बजे घर के अंदर घुसे और खड़ी गाड़ियों के शीशे पूरी तरह चकनाचूर कर दिए। इससे पहले दोपहर में भी इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था, जब पीड़ित युवक के पिता ने आरोपियों को नशा बेचने और युवाओं को चिट्टे की लत लगाने से रोकने को कहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने रात को हमला कर दिया।