ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के भामा कलां गांव में एक शादी के दौरान जमकर बवाल हुआ। दरअसल शादी समारोह में 25 से 30 युवकों ने एक परिवार पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने सिर्फ परिवार पर ही नहीं बल्कि वहां पर मौजूद गाड़ियों के साथ भी तोड़फोड़ की। इसके साथ ही हथियारों के बल पर 8वीं क्लास की पढ़ने वाली एक नाबालिग बच्ची को किडनेप भी कर लिया।
पीड़ित युवक सुलेमान ने बताया कि वे भामा कलां गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। जब बारात सरहिंद के लिए रवाना होने लगी तो गांव से महज 500 मीटर की दूरी पर ही हमलावरों ने उनकी गाड़ियों को घेर लिया। 25-30 हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया।
पीड़ित ने आगे बताया कि हमलावरों ने उनकी गाड़ियां तोड़ दीं और पिता, भाई और मुझे बुरी तरह पीटा। मेरे पिता का कंधा टूट गया है। इसी बीच वे मेरी 14 साल की बहन को जबरन उठाकर ले गए। इस दौरान कई और लोगों को भी चोटें आई हैं। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में छिप कर बैठ गए।



