पंजाब , चंडीगढ़ और हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। सुबह और शाम के वक्त अब हल्की ठंड महसूस की जा रही है, जबकि दिन में अभी भी गर्मी बरकरार है। पिछले 24 घंटे में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यह सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है।
बदलते मौसम के कारण सरकारी अस्पतालों के समय में हुआ बदलाव
बठिंडा पंजाब का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही, आज (गुरुवार) से सरकारी अस्पतालों के समय में भी बदलाव किया गया है। अब ओपीडी और डिस्पेंसरियों का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। पहले यह समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक था।
पंजाब में अब बारिश या आंधी की कोई संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, 21 अक्टूबर यानी दिवाली तक मौसम शुष्क रहेगा और बारिश या आंधी की कोई संभावना नहीं है। तापमान में भी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। वही दूसरी तरफ सेहत विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में लोगों को अपनी सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से सर्दी-जुकाम जैसी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
हरियाणा में टूट जाएगा 15 साल का रिकॉर्ड
वही अगर हरियाणा के मौसम की बात करे तो इस बार, हरियाणा में करीब 15 साल का रिकार्ड टूट सकता है। जिसके कारण इस साल अब हरियाणा में ठंड का एक नया रिकार्ड बनेगा। अक्टूबर में ही न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक अगर तापमान 10 डिग्री या उससे नीचे गया तो 2020 का रिकॉर्ड टूट जाएगा।