पंजाब के Ludhiana में जालंधर बायपास रोड स्थित ICICI Bank के एटीएम को देर रात शातिर लुटेरों ने निशाना बनाया। बदमाश फिल्मी अंदाज में गैस कटर से एटीएम का शटर और मशीन काटकर करीब 7 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक यह वारदात रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। लुटेरे पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे और उनके पास गैस कटर सहित अन्य औजार मौजूद थे। सबसे पहले उन्होंने एटीएम के बाहर लगे शटर को गैस कटर से काटा और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद मशीन को काटकर कैश बॉक्स से नकदी से भरी 4 ट्रे निकाल लीं और मौके से फरार हो गए।
घटना का खुलासा सुबह तब हुआ जब स्थानीय लोग और एटीएम से जुड़े कर्मचारी वहां पहुंचे। मौके पर शटर कटा हुआ मिला और मशीन के साथ छेड़छाड़ की गई थी। बताया जा रहा है कि रात के समय एटीएम बंद रहता है, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में 2 से 3 बदमाश शामिल हो सकते हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।