जालंधर कैंट बोर्ड की ओर से जवाहर पार्क में आयोजित Annual Flower Show और पेंटिंग प्रतियोगिता के अवसर पर कलाकार संघ पंजाब द्वारा एक विशेष ऑनलाइन कला प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। रविवार सुबह करीब 11 बजे इस ऑनलाइन प्रदर्शनी की शुरुआत की गई, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से कलाकारों ने भाग लिया।
इस प्रदर्शनी का विषय “Colour of Womanhood” रखा गया, जिसके माध्यम से कलाकारों ने नारी के विभिन्न रूपों, भावनाओं और जीवन के रंगों को अपनी कलाकृतियों में उकेरा। प्रदर्शनी में करीब 50 कलाकारों ने अपनी रचनात्मक पेंटिंग्स प्रस्तुत कीं। चित्रों के जरिए महिला शक्ति, संवेदनशीलता, संघर्ष, आत्मविश्वास और प्रेरणा जैसे पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया, जिसे कला प्रेमियों ने ऑनलाइन माध्यम से खूब सराहा।
इस मौके पर कलाकार संघ पंजाब के अध्यक्ष हरीश वर्मा और सचिव अंकुश अट्ठी ने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि नारी समाज की प्रेरणा और शक्ति का प्रतीक है और कला के माध्यम से उसके संघर्ष, सौंदर्य और सृजनशीलता को अभिव्यक्त करना बेहद महत्वपूर्ण है।
आयोजकों ने सभी कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प जताया। इस प्रदर्शनी ने कला के माध्यम से नारीत्व के विविध रंगों और उसकी प्रेरणादायक शक्ति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।