जालंधर के मेहतपुर क्षेत्र के उदोवाल गांव में एक कबड्डी खिलाड़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान वंश के रूप में हुई है। गांव के लोगों का कहना है कि वंश की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार वंश स्कूल समय से ही कबड्डी खेल रहा था और कई टूर्नामेंटों में हिस्सा ले चुका था। घटना के दिन वह उदोवाल से सटे गांव बालोकी खेड़ा रोड स्थित अपने घर गया था, जहां उसकी लाश संदिग्ध हालात में मिली। इसके बाद गांव के सरपंच और परिवार के सदस्यों को सूचना दी गई।
वंश के परिवार में माता-पिता, एक छोटा भाई और एक छोटी बहन हैं। परिवार ने इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी और उसका अंतिम संस्कार कर दिया।उदोवाल गांव के निवासी मनप्रीत सिंह ने बताया कि वंश एक अच्छा एथलीट था और स्कूल की ओर से कबड्डी टूर्नामेंटों में भाग लेता था। उसने करीब दो साल पहले 12वीं कक्षा पास की थी। मनप्रीत के अनुसार स्कूल के बाद शिक्षकों से दूर होने पर वह नशे की लत का शिकार हो गया था।