जालंधर: पंजाब सरकार कि तरफ से पेश किए गए वित्तीय वर्ष 2025–26 के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने इसे जनहितैषी और विकास को गति देने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पेश किया गया यह बजट पंजाब के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक अहम कदम है।
मंत्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार “बदलता पंजाब” के विजन को साकार करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बजट में समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई गई हैं, जिससे राज्य के विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के लिए की गई घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का फैसला उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। यह राशि मुख्यमंत्री माताएं-बेटियां सत्कार योजना के तहत सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
मोहिंदर भगत ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, उद्योग और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट पंजाब की तरक्की और आम जनता की भलाई को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।