पंजाब में सरकारी बसों से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। PUNBUS और PRTC के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने एक बार फिर अपना संघर्ष तेज करने का ऐलान किया है। इसी बीच आज 6 मार्च को राज्य भर के सभी बस डिपो के बाहर गेट रैली की जाएंगी। इसके अलावा सोमवार से रोजाना सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक 11 कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि हाल ही में कई कर्मचारियों को उनके घरों से हिरासत में लिया गया था और हड़ताल के दौरान उन्हें जेल भेज दिया गया। उनका कहना है कि कुछ कर्मचारी अभी भी धारा 307 के मामले में संगरूर जेल में बंद हैं और उनकी रिहाई की मांग को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
कर्मचारियों ने सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि निजी कंपनियों की बसों को किलोमीटर स्कीम के तहत शामिल करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे सरकारी खजाने पर भारी बोझ पड़ेगा। कर्मचारियों का आरोप है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते उन्हें फिर से आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।