पंजाब के मोहाली में WhatsApp ग्रुप के जरिए शेयर मार्केट में निवेश करवाकर 800% रिटर्न दिलाने का दावा करते हुए 1.30 करोड़ रुपए की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ठगों ने कंपनियों के नाम पर देश के करीब 8 राज्यों में बैंक खाते खुलवाकर इस वारदात को अंजाम दिया।
मोहाली निवासी जरनैल सिंह की शिकायत पर पंजाब साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
WhatsApp ग्रुप से शुरू हुई ठगी
पीड़ित के मुताबिक, 22 मई 2025 को वह खुद को एसबीआई सिक्योरिटी से जुड़ा बताने वाले एक WhatsApp ग्रुप में शामिल हुआ। ग्रुप में मौजूद दो मोबाइल नंबरों से शेयर मार्केट में निवेश करवाकर 800% रिटर्न देने का भरोसा दिलाया गया।
ऐप डाउनलोड और KYC के नाम पर जाल
आरोपियों ने एक ऐप डाउनलोड करवाई और KYC के लिए आधार कार्ड की जानकारी मांगी। इसके बाद पीड़ित की आईडी बनाकर उसे लॉगइन डिटेल्स दे दी गईं, जिससे उसे सब कुछ असली लगने लगा।
ऐप में दिखता रहा मुनाफा
पीड़ित ने 28 मई 2025 को पहली बार 50 हजार रुपए निवेश किए। ऐप में रकम बढ़ती दिखी तो उसने बार-बार निवेश बढ़ाया। 22 मई से 18 अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों में उसने कुल 1 करोड़ 30 लाख 74 हजार 645 रुपए ट्रांसफर कर दिए। सभी लेन-देन बैंक खातों के जरिए हुए।
पैसे निकालने पर टैक्स का डर
जब पीड़ित ने रकम निकालने की बात की, तो आरोपियों ने टैक्स और खाता फ्रीज होने का डर दिखाया। इसी बहाने उससे और पैसे डलवाए गए और अंत में उसकी पूरी रकम हड़प ली गई।
8 राज्यों में 16 बैंक खाते
जांच में सामने आया है कि ठगों ने उत्तर प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक (बेंगलुरु), उत्तराखंड, गुजरात और अजमेर में कुल 16 बैंक खाते खुलवाए थे। ये खाते एसएन इंटरप्राइजेस, एसपीवी प्रोडक्शन और संकल्प इंटरप्राइजेस जैसी कंपनियों के नाम पर थे, जिससे पहली नजर में वे असली लगते थे।पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।