पंजाब के नवांशहर जिले में फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार Banga के मुकंदपुर रोड स्थित एक अस्पताल पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दीं।बताया जा रहा है कि अस्पताल के मुख्य दरवाजे पर कम से कम तीन गोलियां लगी हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूत्रों के मुताबिक अस्पताल के डॉक्टर को पिछले कुछ दिनों से लगातार धमकियां मिल रही थीं और उनसे फिरौती की मांग की जा रही थी। इसी के बाद अज्ञात हमलावरों ने अस्पताल को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और इलाके की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अधिकारी अभी इस मामले में ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं।