पंजाब और चंडीगढ़ में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप जारी है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने घने कोहरे और शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम के चलते सरकार ने एहतियाती कदम उठाते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। अब सभी स्कूल सुबह 9 बजे की बजाय 10 बजे खुलेंगे।
तापमान में गिरावट, बठिंडा सबसे ठंडा
बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में दर्ज किया गया। हालांकि अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 4.3 डिग्री कम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
कोहरे से विजिबिलिटी घटी, सड़क हादसा
घने कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई है। जालंधर के स्काईलार्क चौक और अमृतसर के भाई मंज रोड पर धुंध छाई रही। इसी बीच अमृतसर में जयंतीपुर-पठानकोट हाईवे पर देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। गांव पाखरपुर के पुल के पास यात्रियों से भरी बस की भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
16 से 21 जनवरी तक बदला स्कूलों का समय
पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, ठंड और शीतलहर को देखते हुए सभी सरकारी, प्राइवेट एडिड, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूलों का समय 16 से 21 जनवरी तक बदला गया है। इस दौरान स्कूल सुबह 10 बजे खुलेंगे और दोपहर 3 बजे बंद होंगे।
10 जिलों में बहुत घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, कई जिलों में शीतलहर चलने और दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है।
तेज हवाओं और वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर
इस समय ऊपरी वायुमंडल में तेज रफ्तार हवाएं चल रही हैं, जिनकी गति करीब 230 किमी प्रति घंटा तक पहुंच रही है, जिससे ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने बताया कि 18 से 21 जनवरी के बीच राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम फिर से शुष्क रहने की संभावना है।