पंजाब के लुधियाना में थाना हैबोवाल के अधीन चंद्र नगर स्थित सफेद कोठी के पास शिवसेना से जुड़े नेता राजन राणा पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। इस हमले में राजन राणा के सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों ने उन्हें सड़क पर बेसुध हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद प्राथमिक उपचार देकर उनके परिजनों को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही शिवसेना समाजवादी से जुड़े हनी भारद्वाज मौके पर पहुंचे और घायल राजन राणा को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
राजन राणा ने बताया कि वह अपने हैबोवाल स्थित घर से एक्टिवा पर पुराने शहर में अपनी मां से मिलने जा रहे थे। उस समय वह अकेले थे और उनका गनमैन छुट्टी पर था। जैसे ही वह सफेद कोठी के पास पहुंचे, पीछे से आए 3 से 4 अज्ञात युवकों ने उनके सिर पर किसी तेज वस्तु से हमला कर दिया। वार लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े।
राणा ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि हमलावर कौन थे। होश में आने के बाद उन्होंने अपने साथियों को घटना की सूचना दी, जिन्होंने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने कहा कि हमले में उन्हें अंदरूनी चोटें भी आई हैं।
फिलहाल इस मामले में पुलिस को औपचारिक सूचना नहीं दी गई है। राजन राणा ने कहा कि उपचार के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी उन पर हमला हो चुका है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है ।