ख़बरिस्तान नेटवर्क : टी20 वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हरा दिया है। जिम्बाब्वे की इस जीत के हीरो रहे तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी, जिन्हें 4 कंगारु बल्लेबाजों को आउट कर पवेलियन की राह दिखाई। इस जीत के साथ ही जिम्बाब्वे की टीम के सुपर 8 में जाने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
ऑस्ट्रेलिया को दिया 170 रन का टारगेट
पहले बल्लेबाजी करने आई जिम्बाब्वे की टीम ने 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रायन ब्रेनेट ने 64 रन की पारी खेली। वहीं कप्तानी सिकंदर रज़ा ने आखिरी के ओवरों में आकर तूफानी पारी खेलते हुए 13 गेंदों पर 25 रन बना दिए और टीम के स्कोर को 169 ले गए।
जिम्बाब्वे ने 146 रन पर किया ऑलआउट
जवाब में ऑस्ट्रेलिया 19.3 ओवर के बाद 146 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए मैट रेनशॉ (65 रन) ने फिफ्टी लगाई। ग्लेन मैक्सवेल ने 31 रन बनाए। मार्कस स्टोयनिस (6) ट्रैविस हेड (17) और जोश इंग्लिस (8) खास प्रदर्शन नहीं कर सके। टिम डेविड और कैमरन ग्रीन का खाता भी नहीं खुला। ब्लेसिंग मुजरबानी ने 4 विकेट झटके और ब्रैडली इवांस ने 3 विकेट लिए।
पहले भी वर्ल्डकप में हरा चुका है जिम्बाब्वे
यह पहला मौका नहीं है जब जिम्बाब्वे की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप में पटखनी दी हो। इससे पहले साल 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में भी जिम्बाब्वे की टीम ऑस्ट्रेलिया को हरा चुकी है। 19 साल बाद एक बार फिर जिम्बाब्वे ने इतिहास रचते हुए ऑस्ट्रेलिया को लीग राउंड में हरा दिया है।