ख़बरिस्तान नेटवर्क : चंडीगढ़ ट्रिपल मर्डर मामले में फरार चल रहे गैंगस्टर भवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष चोपड़ा को पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पंजाब लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे आगे की पूछताछ के लिए पंजाब लाया जाएगा। इस संबंध में जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी।
2024 के ट्रिपल मर्डर केस में था वांटेड
डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक आरोपी साल 2024 में फिरोजपुर में हुए ट्रिपल मर्डर केस में शामिल था और घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। केंद्रीय एजेंसियों की मदद से आरोपी को डिपोर्ट करवाया गया, जिसके बाद उसे दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया।
इंटरनेशनल सहयोग से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार आरोपी की लोकेशन का पता लगाने के लिए इंटरनेशनल स्तर पर समन्वय किया गया। जांच एजेंसियों ने आरोपी को ट्रैक करने के लिए जियो-लोकेशन तकनीक का सहारा लिया। इसके अलावा उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर और रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किए गए थे। भारत सरकार और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से इस मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाया गया, जिसके बाद आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।
डीजीपी की गैंगस्टरों को चेतावनी
डीजीपी ने बताया कि आरोपी के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल आरोपी को पंजाब लाकर उससे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि पूरे नेटवर्क और साजिश का खुलासा किया जा सके। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधी दुनिया के किसी भी कोने में क्यों न छिप जाएं, पंजाब पुलिस उन्हें ढूंढकर वापस लाएगी और कानून के दायरे में लाएगी।