आम आदमी पार्टी पंजाब की ओर से जालंधर कैंट ब्लॉक की पंचायत समिति के लिए अहम नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी ने देस राज को चेयरमैन और सुखविंदर कौर को वाइस चेयरमैन नियुक्त किया है।
इस मौके पर हलका इंचार्ज मैडम राजविंदर कौर थियाड़ा ने दोनों को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी की ओर से ईमानदार और समाज सेवा से जुड़े लोगों को आगे लाया जा रहा है, ताकि इलाके के विकास को और तेज किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार हमेशा जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रही है और गांवों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि देस राज और सुखविंदर कौर की नियुक्ति से पंचायत समिति के कामकाज में और तेजी आएगी तथा लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मान सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए वचनबद्ध है और सरकार की ओर से हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जा रही है। ऐसी नियुक्तियों से महिलाओं को सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में आगे आने का हौसला मिलता है।
इस मौके पर पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी देस राज और सुखविंदर कौर को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। कार्यक्रम में जिला प्रधान अमृतपाल भी मौजूद रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि दोनों अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाते हुए इलाके के विकास और भलाई के लिए काम करेंगे।