ख़बरिस्तान नेटवर्क : ईरान-इज़रायल के बीच लगातार चल रहे युद्ध का असर अब पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान पर देखने को मिल रहा है। तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंत्रियों के दौरे और खर्चों में कटौती करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही स्कूलों और सरकारी ऑफिस को भी बंद रखने का फैसला किया गया है।
हफ्ते में 3 दिन बंद रहेंगे सरकारी ऑफिस
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सरकारी ऑफिस हफ्ते में सिर्फ 3 दिन बंद रहेंगे और आधे कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। इस हफ्ते के अंत से स्कूल दो हफ्तों के लिए बंद रहेंगे। मंत्रियों और सलाहकारों के विदेश दौरे रोक दिए गए हैं। मंत्री दो महीने तक वेतन नहीं लेंगे और सांसदों की सैलरी में 25% की कटौती होगी।
2 महीने तक 60 फीसदी सरकारी गाड़ियां नहीं चलेंगी
वहीं रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अब दो महीने तक सरकारी गाड़ियों को 50 फीसदी कम ईंधन मिलेगा और 60 फीसदी सरकारी गाड़ियां नहीं चलेंगी। सभी सरकारी विभाग अपने खर्च में 20 फीसदी कटौती करेंगे। अमेरिका-इजराइल-ईरान संघर्ष की वजह से कच्चे तेल की कीमत 60 डॉलर से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा हो गई है। इस वजह से यह फैसले लिए गए हैं।
सरकार बढ़ा चुकी है पेट्रोल-डीजल की कीमतें
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 55 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। पाकिस्तान के बड़े शहरों जैसे लाहौर और कराची में पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। लोगों को डर है कि आने वाले दिनों में कहीं तेल की किल्लत न हो जाए।