भारत से पाकिस्तान जाकर नासिर हुसैन से निकाह करने वाली पंजाबी महिला सरबजीत कौर को लेकर उसके पति करनैल सिंह ने बड़ा खुलासा किया है। हाल ही में एक चैनल को दिए इंटरव्यू में करनैल सिंह ने बताया कि वह पिछले करीब 20 साल से इंग्लैंड में रह रहे हैं और परिवार पर दर्ज कई केसों के कारण उन्हें लगातार पैसे कमाकर भेजने पड़े।
करनैल सिंह के मुताबिक सरबजीत कौर और उनके बच्चों के खिलाफ भारत में कई केस दर्ज हैं। इन मामलों को लड़ने के लिए वह हर महीने ढाई से तीन लाख रुपए सरबजीत के खाते में भेजते थे, ताकि वकीलों की फीस और अन्य कानूनी खर्च पूरे हो सकें। उन्होंने कहा कि अगर वह विदेश में रहकर पैसे न कमाते तो शायद उनका परिवार जेल से बाहर नहीं आ पाता।
उन्होंने दावा किया कि सरबजीत कौर लंबे समय से मानसिक तनाव में है और नासिर हुसैन उसे ब्लैकमेल करता था। करनैल सिंह के अनुसार नासिर कथित तौर पर अश्लील तस्वीरें भेजकर उसे पाकिस्तान आने के लिए मजबूर करता था और पैसों की मांग करता था।
करनैल सिंह ने यह भी बताया कि सरबजीत कौर कई बार फोन कर उन्हें अपनी परेशानी बताती है और कहती है कि वह दुखी है। उन्होंने कहा कि सरबजीत ने उनसे इंग्लैंड बुलाने की भी बात कही थी, लेकिन उन्होंने पहले भारत वापस आने को कहा है, जिसके बाद ही वह उसे अपने पास बुलाएंगे।