जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब छुट्टे पैसे को लेकर एक यात्री और महिला टिकट क्लर्क के बीच तीखी बहस हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों के बीच बहस साफ देखी जा सकती है।
जानकारी के अनुसार यात्री टिकट लेने के लिए 200 रुपये लेकर काउंटर पर पहुंचा था। महिला क्लर्क ने उससे खुले पैसे लाने को कहा, जिस पर यात्री ने कहा कि उसके पास 200 रुपये ही हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बहस बढ़ने पर महिला कर्मचारी ने यात्री को पैसे वापस करते हुए कहा कि वह उसे टिकट नहीं देगी क्योंकि उसके पास छुट्टे पैसे नहीं हैं।
छुट्टे पैसे को लेकर यात्री और महिला टिकट क्लर्क में बहस
वायरल वीडियो में महिला कर्मचारी यह भी कहती सुनाई दे रही है कि यदि यात्री ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया तो वह रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बुला लेगी। यात्री का कहना था कि काउंटर पर मौजूद गल्ले में पैसे होने के बावजूद उसे छुट्टे नहीं दिए जा रहे और न ही ऑनलाइन भुगतान स्वीकार किया जा रहा है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल होने के बाद एडवोकेट कल्पना श्रीवास्तव नाम की यूजर ने इसे रेलवे की फिरोजपुर डिवीजन को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि जालंधर कैंट स्टेशन पर महिला कर्मचारी ने यात्रियों के साथ खराब व्यवहार किया और टिकट देने से इनकार कर दिया।
मामले पर संज्ञान लेते हुए फिरोजपुर डिवीजन के डीआरएम ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए कहा कि कोई भी रेलवे कर्मचारी यात्री के साथ बदसलूकी नहीं कर सकता। उन्होंने शिकायतकर्ता से मोबाइल नंबर साझा करने को कहा ताकि मामले की जांच की जा सके। साथ ही आश्वासन दिया गया कि मामले की जांच के बाद संबंधित महिला टिकट क्लर्क के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने महिला कर्मचारी के व्यवहार पर नाराजगी जताई है और रेलवे से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।