जालंधर के रहने वाले और एशिया के इकलौते शाकाहारी बॉडी बिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मन की मौत को लेकर परिवार ने बड़ा खुलासा किया है। परिजन रब्बी बाजवा ने बताया कि सरकार द्वारा गठित SIT की रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें घुम्मन की मौत का कारण डॉक्टरों की लापरवाही बताया गया है।
रब्बी बाजवा ने कहा कि परिवार को शुरू से भरोसा था कि जांच में सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने दावा किया कि पहले दिन से फोर्टिस अस्पताल अमृतसर पर लगाए गए आरोप रिपोर्ट में सही साबित हुए हैं। अब SIT रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रब्बी ने सच सामने लाने के लिए डॉक्टरों की टीम और सरकार का आभार जताया।
गौरतलब है कि मशहूर बॉडी बिल्डर और अभिनेता वरिंदर सिंह घुम्मन का 9 अक्टूबर 2025 को अमृतसर में सर्जरी के दौरान निधन हो गया था। परिजनों ने उस समय अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए थे। परिवार का कहना था कि ऑपरेशन के बाद घुम्मन का शरीर सिर से कंधे तक काला-नीला पड़ गया था, जिस पर कई सवाल उठे।
SIT रिपोर्ट में क्या सामने आया
घुम्मन की मौत के बाद सरकार ने अमृतसर सिविल अस्पताल के एसएमओ सहित डॉक्टरों की SIT गठित की थी। टीम ने फोर्टिस अमृतसर के डॉक्टरों से पूछताछ की और मेडिकल जांच के बाद अपनी रिपोर्ट सरकार व स्वास्थ्य विभाग को सौंपी। परिजनों के मुताबिक, रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि ऑपरेशन से पहले तक घुम्मन पूरी तरह फिट थे और मौत डॉक्टरों की लापरवाही से हुई।
स्टेरॉयड आरोपों पर भी जवाब
रब्बी बाजवा ने कहा कि भाई की मौत के बाद स्टेरॉयड इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। SIT रिपोर्ट आने के बाद उन आरोपों का भी जवाब मिल गया है। पूरी रिपोर्ट को लेकर परिवार जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी देगा।
दोस्तों ने भी उठाई थी जांच की मांग
घुम्मन के दोस्त अनिल गिल ने भी ऑपरेशन के बाद शरीर का रंग बदलने पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की थी। इस मुद्दे को लेकर अस्पताल में डॉक्टरों से बहस भी हुई थी।
फिल्मों और खेलों में अलग पहचान
करीब 43 साल के वरिंदर सिंह घुम्मन ने बॉडी बिल्डिंग के साथ-साथ एक्टिंग में भी नाम कमाया। उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के साथ फिल्म टाइगर 3 में काम किया था। इसके अलावा वह मिस्टर इंडिया रह चुके थे और पंजाबी व हिंदी फिल्मों में नजर आए।परिवार का कहना है कि SIT रिपोर्ट लाखों फैंस के लिए सच्चाई की जीत है, लेकिन इस जीत की कीमत उन्होंने अपने प्रिय भाई को खोकर चुकाई है।