ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के गुरुनानक नगर के 33 फुटी रोड पर दर्दनाक हादसा देखने को मिला है। जहां एक तेज रफ्तार एक्टिवा ने साइकिल पर जा रहे बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। बच्चे की पहचान ऋषभ के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा 5 फीट ऊपर उछल गया और उसके बाद सड़क पर गिर गया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
साइकिल ठीक करवाने गया हुआ था
परिजनों ने बताया कि उन्हें ऋषभ के एक्सीडेंट की जानकारी फोन पर मिली थी। वह शाम के समय अपनी साइकिल ठीक करवाने के लिए दुकान पर गया था ताकि वहां से लौटकर ट्यूशन जा सके। लेकिन घर की गली में मुड़ते समय सामने से आ रही एक सफेद रंग की इलेक्ट्रिक एक्टिवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिस कारण उसे काफी ज्यादा चोट आई हैं।
आस-पास के लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और खून से लथपथ ऋषभ को पास के अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल मासूम ऋषभ की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।