पंजाब के अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से रची जा रही एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, 9 एमएम की ग्लॉक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलरों के संपर्क में था। जांच के अनुसार, उसे पुलिस संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाकर पंजाब में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के निर्देश दिए जा रहे थे।
इस मामले में अमृतसर के कैंटोनमेंट थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है ताकि आरोपी के अन्य साथियों और विदेश में बैठे हैंडलरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।पंजाब पुलिस का कहना है कि सीमा पार से संचालित आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने और राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।