भारत और ब्रिटेन (UK) के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) आज से लागू हो गया है। इस समझौते के बाद भारत में UK से आने वाली कई चीजें जैसे लग्जरी कारें, ब्रांडेड कपड़े, फुटवियर, कॉस्मेटिक्स और कुछ खाद्य उत्पाद पहले से सस्ते मिल सकते हैं। वहीं भारतीय सामानों को ब्रिटेन में बिना आयात शुल्क (जीरो टैरिफ) के निर्यात करने का रास्ता खुल गया है।
इस समझौते के तहत भारत के 99% उत्पादों पर UK में जीरो टैरिफ मिलेगा, जबकि भारत में UK के ज्यादातर सामान कम शुल्क पर आयात होंगे। सरकार का अनुमान है कि इससे 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़कर 120 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
इस डील से भारत के टेक्सटाइल, चमड़ा, ज्वेलरी, इंजीनियरिंग, फार्मा, चाय, मसाले, समुद्री उत्पाद और केमिकल उद्योग को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। साथ ही MSME, निर्यात और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।
भारत और ब्रिटेन के बीच इस समझौते पर 24 जुलाई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए थे। करीब साढ़े तीन साल की बातचीत के बाद यह समझौता अब लागू हो गया है।