जालंधर में LPG गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और गैर-कानूनी जमाखोरी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने इसके लिए अधिकारियों की एक विशेष कमेटी गठित की है और गैस एजेंसियों की जांच के लिए अलग-अलग टीमें भी बनाई गई हैं। साथ ही प्रशासन ने लोगों से शिकायत दर्ज करवाने के लिए व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9646222555 जारी किया है।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि प्रशासन की ओर से स्टाफ तैनात किया जा रहा है, जो व्हाट्सएप पर मिलने वाली शिकायतों और सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई करेगा। इन शिकायतों को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) की अध्यक्षता में गठित कमेटी के पास भी भेजा जाएगा, ताकि मामले की जांच कर उचित कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या गैर-कानूनी जमाखोरी की जानकारी मिले तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें, ताकि जिला प्रशासन द्वारा तुरंत कानूनी कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने गैस एजेंसियों और उनके गोदामों पर भी कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई सुचारू रखने के लिए जिला प्रशासन की टीमें लगातार गैस एजेंसियों और गोदामों की जांच कर रही हैं।
डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने लोगों से अफवाहों से सतर्क रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से घबराहट में आकर जरूरत से ज्यादा गैस सिलेंडर खरीदने से बचने की भी अपील की गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कहीं भी कालाबाजारी या गैर-कानूनी जमाखोरी का मामला सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ जरूरी वस्तु अधिनियम-1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।