जालंधर में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (UFBU) के आह्वान पर आज एक बार फिर सरकारी बैंक कर्मियों ने हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल के चलते स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य सरकारी बैंकों के बाहर ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर इसलिए कि तीन दिन पहले ही बैंक बंद रहे थे और आज बैंक खुलते ही हड़ताल शुरू हो गई।
बैंक कर्मचारियों ने बताया कि अन्य सेक्टरों की तरह सरकारी बैंकों में भी सप्ताह में पांच दिन कार्य प्रणाली लागू करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इस संबंध में यूनियन की ओर से दिया गया प्रस्ताव वर्ष 2022 में स्वीकार तो कर लिया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। इसी मांग को लेकर UFBU के आह्वान पर आज एकदिवसीय हड़ताल की गई है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो आने वाले समय में पांच दिन की हड़ताल का ऐलान किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने बैंकों में स्टाफ की भारी कमी का मुद्दा भी उठाया। कर्मचारियों का कहना है कि स्टाफ की कमी के कारण उन्हें निर्धारित समय शाम 5 बजे के बजाय रात 8 बजे तक काम करना पड़ रहा है।
हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे आम ग्राहकों को नकदी निकासी और अन्य जरूरी कामों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।