ख़बरिस्तान नेटवर्क : कनाडा सरकार देश में आपराधिक घटनाओं को कम करने के लिए लगातार एक्शन ले रही है। इसी सिलसिले में कनाडा की बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) ने 2 पंजाबी गैंगस्टरों को डिपोर्ट किया है। इन गैंगस्टरों की पहचान अर्शदीप सिंह व सुखनाज सिंह के रूप में हुई है।
विदेशी आपराधियों की लिस्ट तैयार की
CBSA ने कहा कि उसने फिरौती और आपराधिक गतिविधियों में शामिल सभी विदेशी नागरिकों की लिस्ट तैयार कर ली है। अब उन सभी को कानूनी प्रक्रिया के तहत डिपोर्ट करना शुरू कर दिया है। अब तक 35 अपराधियों को डिपोर्ट किया जा चुका है। इसी लिस्ट में 2 भारतीय अर्शदीप सिंह व सुखनाज सिंह संधू भी शामिल हैं।
साल 2022 में गया था अर्शदीप कनाडा
CBSA का कहना कि आरोपी अर्शदीप साल 2022 में स्टडी वीजा लेकर कनाडा पहुंचा था। पर जल्द ही वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। जिसे साल 2025 में गिरफ्तार किया गया। वह जबरन वसूली, फायरिंग, ड्रग तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क का हिस्सा था।
वहीं सुखनाज़ संधू 2016 से कनाडा में रह रहा था। क्रिमिनल गतिविधियों में शामिल होने के कारण उसे भी 2025 में गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों का कहना है कि ये दोनों मामले उन लोगों के लिए वार्निंग है जो कनाडा की धरती का इस्तेमाल अपराध के लिए कर रहे हैं।